अप्रैल में सावन का अहसास: उत्तर भारत में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि से बदला मौसम का मिजाज

उत्तर भारत के पर्वतीय और मैदानी राज्यों में अप्रैल का महीना इस बार सावन जैसा महसूस हो रहा है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश व राजस्थान के साथ ही पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

इसका यातायात पर भी व्यापक असर पड़ा है। तापमान सामान्य से नीचे गिर गया है। जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी के चलते हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले में भूस्खलन के कारण बंद हुआ रास्ता आंशिक रूप से बहाल किया गया है और फंसे वाहनों को निकाला जा रहा है। हालांकि, रामबन-बनिहाल के बीच लगातार मलबा गिरने से यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका है।

कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है, जबकि जम्मू में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। मौसम के असर से माता वैष्णो देवी यात्रा की हेलीकाप्टर सेवा भी प्रभावित रही।

मौसम विभाग के अनुसार 13 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का असर व्यापक रूप से देखने को मिला। शिमला, सिरमौर और सोलन सहित कई जिलों में भारी ओलावृष्टि से सेब के बागानों को नुकसान पहुंचा है, वहीं जौ, मटर और गेहूं की फसल भी प्रभावित हुई है।

तेज आंधी और बारिश से कई स्थानों पर गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है। प्रदेश में दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 73 सड़कें बंद हैं और 884 ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण कई मार्गों पर आवाजाही रोकनी पड़ी है।

उत्तराखंड में भी अप्रैल में हो रही मूसलधार बारिश और हिमपात ने रिकार्ड बनाए हैं। वर्ष 2020 के बाद कई इलाकों में एक दिन में सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।

लगातार बारिश से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका बढ़ गई है, वहीं चारधाम यात्रा की तैयारियां भी प्रभावित हो रही हैं। कई स्थानों पर भूस्खलन से हाईवे बाधित हुए हैं। मौसम विज्ञानी किसानों को सलाह दे रहे हैं कि फसल को धूप में अच्छी तरह सूखने के बाद ही कटाई और भंडारण करें।

Related Articles

Back to top button