उज्जैन में ‘जय गुरुदेव’ आश्रम में पहुंचे सीएम मोहन यादव

उज्जैन: एमपी के उज्जैन में मक्सी रोड स्थित जय गुरुदेव आश्रम में आस्था, अनुशासन और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला है। लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आश्रम परिसर में सिंहस्थ जैसा दिव्य नजारा दिखाई दिया। इसी बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आश्रम पहुंचकर पूज्य श्री उमाकांत महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया तथा उनके अमृत प्रवचनों का श्रवण किया।

इस अवसर पर श्री उमाकांत महाराज ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए कहा, “मैं पहले से इन्हें ‘मोहन प्यारे’ कहकर बुलाता रहा हूं, लेकिन आज ये अपने कार्यों से जनता के भी प्यारे बन गए हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी इनका भक्ति और सेवा भाव कम नहीं हुआ है।” उन्होंने मुख्यमंत्री को सत्य, सनातन और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए जनसेवा जारी रखने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गुरुवर के दर्शन मात्र से ऐसा अनुभव होता है मानो स्वयं ईश्वर के दर्शन हो गए हों। उन्होंने कहा कि गुरुदेव का मार्गदर्शन जीवन को सत्य, संयम और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा गौसंरक्षण, धार्मिक नगरों में शराबबंदी और सनातन संस्कृति के संरक्षण हेतु किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, चित्रकूट सहित 19 धार्मिक नगरों में शराबबंदी लागू की गई है। साथ ही हर जिले में “गीता वन” विकसित करने की योजना पर भी कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ-2028 तक उज्जैन को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और आधुनिक स्वरूप से युक्त विश्वस्तरीय नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button